Hindi News / जेएसएससी-सीजीएल रद्द होने के बाद नया प्लान: देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड सरकार...

JHARKHAND NEWS : जेएसएससी-सीजीएल रद्द होने के बाद नया प्लान: देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड सरकार को सौंपने के लिए तैयार किया ‘ब्लू प्रिंट’

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड में JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन में अब एक नया मोड़ आ गया है। सरकार द्वारा कई परीक्षाओं को रद्द किए जाने के बाद भी छात्रों का संघर्ष थमा नहीं है।

JSSC-CGL समेत 14 परीक्षाओं को रद्द करने के सरकार के फैसले के बाद, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने साफ कर दिया है कि उनका आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। हालांकि, उनका 16 दिन का भूख हड़ताल समाप्त हो चुका है, लेकिन उनकी लड़ाई अब एक नई दिशा में आगे बढ़ेगी।

मंगलवार को रांची में एक प्रेस वार्ता के दौरान देवेंद्र महतो ने कहा कि उनकी अगली लड़ाई भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और पेपर लीक से मुक्त बनाने की होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल सीबीआई या सीआईडी जांच से छात्रों को स्थाई न्याय नहीं मिल सकता, बल्कि इसके लिए परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है।

इस बीच, छात्र नेता देवेंद्र महतो ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एक विशेष ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है, जिसे वे जल्द ही राज्य सरकार के सामने रखेंगे। हालांकि इसके सभी बिंदुओं को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य लीक-प्रूफ परीक्षा व्यवस्था, कड़ी निगरानी और भविष्य में होने वाली अनियमितताओं को रोकना है।

दूसरी ओर, सरकार भी सक्रिय नजर आ रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक परीक्षा सुधार समिति का गठन किया है। साथ ही, वर्ष 2014 से अब तक हुई परीक्षाओं की व्यापक जांच और JPSC सिविल सेवा परीक्षा के मामलों की जांच एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराने की घोषणा भी की गई है।