Hindi News / झारखंड में छात्र आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार: कल पदयात्रा, 6 को विधानसभा घेराव...

JHARKHAND NEWS : झारखंड में छात्र आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार: कल पदयात्रा, 6 को विधानसभा घेराव का ऐलान

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं को लेकर घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। छात्र इन विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। बापू वाटिका में छात्रों का सत्याग्रह लगातार जारी है, और अब आंदोलन को और तेज करने के लिए बड़े कार्यक्रमों का ऐलान किया गया है।छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बताया है कि आंदोलन को धार देने के लिए 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं, आगामी 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा का घेराव किया जाएगा। छात्रों की साफ चेतावनी है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

दूसरी ओर, झारखंड संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने आज शाम चार बजे लोकभवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया है। मोर्चा ने नीट पेपर लीक, जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों पर कड़ा रोष जताया है।इधर, जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआईडी (CID) को एक के बाद एक अहम खुलासे हाथ लग रहे हैं। सीआईडी द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल पर अभ्यर्थी लगातार सबूत और शिकायतें भेज रहे हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि जेपीएससी की जांच के दौरान सीआईडी को जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा से जुड़े भी कई बड़े इनपुट मिले हैं। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा के दौरान रांची के होटल जेड स्क्वायर के अलावा कोलकाता और पटना के कुछ होटलों में अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र रटवाए गए थे।जांच का दायरा अब मुख्य आरोपियों के करीबियों तक भी पहुंच चुका है। पलामू के संतोष कुमार सिंह का नाम सामने आया है, जो आरोपी अभय तिवारी का करीबी बताया जा रहा है। सीआईडी अब अभय तिवारी के बैंक खातों, उसके भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा पांडेय की नौकरियों और संपर्कों की बारीकी से जांच कर रही है।