Hindi News / 20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव: विपक्षी दलों की हुंकार पर झामुमो...

JHARKHAND NEWS : 20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव: विपक्षी दलों की हुंकार पर झामुमो की दो टूक— विरोध का अधिकार सबको

Edited By:  |
jharkhand news

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ राज्यभर से आए छात्रों का आंदोलन उग्र रूप ले चुका है। छात्रों की मांग है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच हो और पिछले 09 वर्षों में हुई सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द किया जाए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन छात्रों ने ऐलान कर दिया है कि वे 20 अगस्त को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

सबसे पहले सत्ताधारी दल झामुमो ने छात्रों के आंदोलन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि झारखंड में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की पूरी आज़ादी है। दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने इस आंदोलन को पूरी तरह सही ठहराते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप ने कहा कि यह युवाओं का स्वतःस्फूर्त और अपने भविष्य को बचाने के लिए किया जा रहा आंदोलन है, जिसे भाजपा का पूरा नैतिक समर्थन प्राप्त है। सत्ताधारी गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने छात्रों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार और गठबंधन के सभी दल लगातार छात्रों के साथ खड़े हैं।

वहीं, वाम दल CPI(ML) के प्रदेश समिति सदस्य शुभेन्दु सेन ने माना कि सरकार की तरफ से छात्रों की मांगें पूरी करने में कुछ ढिलाई बरती जा रही है, लेकिन साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर राज्य की सत्ता को अस्थिर करने के षड्यंत्र का आरोप भी लगाया। बहरहाल, एक तरफ जहां सरकार इसे राजनीतिक साजिश और छात्रों को दिग्भ्रमित बताए जाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल और सड़क पर उतरे युवा अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। ऐसे में 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के ऐलान ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। अब देखना यह होगा कि इस गतिरोध को तोड़ने के लिए सरकार क्या नया कदम उठाती है।