Hindi News / “जनता लाइन में परेशान, मंत्री इरफान अंसारी मैदान में — CM हेमंत को...

JHARKHAND NEWS : “जनता लाइन में परेशान, मंत्री इरफान अंसारी मैदान में — CM हेमंत को लिखा बड़ा पत्र”

Edited By:  |
jharkhand news

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यभर के पेट्रोल एवं डीजल पंपों पर लगातार बढ़ रही भीड़, लंबी कतारों और आम जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया है.

डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पत्र में कहा है कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों में पेट्रोल एवं डीजल पंपों पर अत्यधिक भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. कई स्थानों पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं पेट्रोल पंप संचालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि राज्य के सभी संवेदनशील एवं अत्यधिक भीड़भाड़ वाले पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को सुचारु रूप से पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति उपलब्ध हो सके.

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को परेशानी में छोड़ना स्वीकार्य नहीं है. डॉ. इरफान अंसारी ने संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है, ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे और राज्य में शांति एवं व्यवस्था कायम रह सके.

रांची से राजीव मोहन श्रीवास्तव की रिपोर्ट--