जदय कार्यालय पटना में जनसुनवाई कार्यक्रम : मंत्री अशोक चौधरी बोले – बिहार में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं
पटना:राजधानी स्थित जनता दल यूनाइटेड कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मंत्री अशोक चौधरी कार्यक्रम में शामिल हुए और वहां उपस्थित लोगों की समस्यों को जाना. उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद कई बड़े मुद्दों पर खुलकर बयान दिया है.
मंत्री ने साफ कहा कि बिहार में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पूरे बिहार में“सहयोग कार्यक्रम”चलाया जा रहा है ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके. जदयू कार्यालय में भी लगातार लोगों की शिकायतें सुनी जा रही है.
NEETपेपर लीक मामले पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि कुछ लोग लगातार ऐसी घटनाओं में लगे रहते हैं,लेकिन केंद्र सरकार मजबूत सिस्टम बनाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई होगी.
शिक्षा मंत्री से जुड़े कथित50लाख रुपये के फर्जीवाड़ा मामले पर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है और पूरी जानकारी मिलने के बाद ही कुछ कहेंगे.
मंत्री ने कहा कि बिहार में गैस और तेल की कोई समस्या नहीं है. सरकार पीएनजी लाइन को हर इलाके तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है. आने वाले दिनों में अपार्टमेंट निर्माण में पीएनजी लाइन को अनिवार्य करने पर भी विचार हो रहा है.
नीतीश कुमार के कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क में रहने को लेकर अशोक चौधरी ने कहा कि यह अच्छी बात है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित हैं और लगातार उनका हौसला बढ़ा रहे हैं.
ब्लैकआउट को लेकर मंत्री ने कहा कि यह एक रूटीन प्रक्रिया है ताकि आपात स्थिति में लोगों को तैयार रखा जा सके. वहीं बिहार सरकार द्वारा लोन लिए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार को संविधान के तहत अधिकार प्राप्त है. तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं,उन्हें व्यवस्था की जानकारी होनी चाहिए.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--