Hindi News / शिव अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल,दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग

बोकारो में हंगामा : शिव अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल,दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग

Edited By:  |
aspatal mein hungama aspatal mein hungama

बोकारो: जिले के आईटीआई मोड़ स्थित शिव अस्पताल में गुरूवार को प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया है. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए खूब बवाल काटा. गुस्साए परिजनों ने मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.इस घटना के बाद अस्पताल के सभी कर्मी और चिकित्सा फरार हो गए है. 19 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी चास प्रखंड के सेनाबाद गांव की रहने वाली थी.

परिजनों के अनुसार,लक्ष्मी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर शिव अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के चिकित्सक और स्टॉफ ने ऑपरेशन की बात कही, जिसके बाद महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी.आरोप है कि रातभर मरीज दर्द से तड़पती रही, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं थे. परिजनों द्वारा जानकारी देने के बाद अस्पताल कर्मियों ने मोबाइल पर किसी से संपर्क कर इलाज शुरू किया गया. महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद गुरूवार सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मी कुमारी की मौत हो गई.

परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद मरीज को समय पर रेफर नहीं किया गया. वहीं, मौत के बाद दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि ब्लड चढ़ाने के नाम पर 10 हजार रुपये जमा कराने के बाद खून चढ़ाया गया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा.

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी अस्पताल में अवैध तरीके से अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग द्वारा छापेमारी की गई थी. फिलहाल परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे हैं.