Hindi News / सीएम सम्राट ने 25.76 करोड़ की 73 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

फुलवारीशरीफ में प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर : सीएम सम्राट ने 25.76 करोड़ की 73 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

Edited By:  |
fulwarisharif mai prakhand sahyog sah jankalyan shiwir

पटना:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को फुलवारीशरीफ के नदियावां गांव में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर में शामिल हुए. कार्यक्रम में उन्होंने विकास,कानून-व्यवस्था,उद्योग,किसानों के हित और पटना के भविष्य को लेकर सरकार की योजनाओं का विस्तार से बताया.

मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से 25.76 करोड़ रुपये की लागत से 73 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया .

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया है ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे.

सीएम सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि बिहार को अपराधमुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम पूरी मजबूती से करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि पटना के समग्र विकास के लिए टाउन प्लानिंग के तहत व्यापक कार्य किए जा रहे हैं तथा ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं एवं आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया गया. बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया.

इस अवसर पर बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव,फुलवारीशरीफ विधायक श्याम रजक,विधान पार्षद रविंद्र कुमार सिंह,जदयू नेता सत्येंद्र पासवान,पूर्व मुखिया शैलेन्द्र सिंह,रवि कुमार मुखिया,विनोद सिंह,पैक्स अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया. बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने शिविर को सफल बनाया.

अभय राज की रिपोर्ट-