Hindi News / ऑनलाइन बिजनेस में निवेश के नाम पर पटना के युवक से 70 लाख...

फेसबुक पर दोस्ती, फिर प्यार का झांसा : ऑनलाइन बिजनेस में निवेश के नाम पर पटना के युवक से 70 लाख की साइबर ठगी

Edited By:  |
facebook per dosti,fir pyar ka jhansa

पटना: राजधानी पटना में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक को लाखों रुपये की चपत लगा गई. फेसबुक पर एक युवती ने युवक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी. युवक ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली. इसके बाद दोनों के बीच मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई. धीरे-धीरे युवती ने प्रेम का इजहार करना शुरू कर दिया. बातचीत बढ़ी तो मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और फिर व्हाट्सएप चैटिंग और वीडियो कॉल तक बात पहुंच गई.

युवती ने बातचीत के दौरान युवक को ऑनलाइन बिजनेस मॉडल के बारे में बताया. उसने अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर युवक को निवेश के लिए तैयार किया. युवती लगातार युवक को यह भरोसा दिलाती रही कि उसके लगाए पैसे बढ़ रहे हैं और उसे अच्छा मुनाफा मिल रहा है. उसके झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग समय में बड़ी रकम निवेश कर दी.

धीरे-धीरे युवक का निवेश करीब 70 लाख रुपये तक पहुंच गया. जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो पैसा वापस नहीं मिला. इसके बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है. युवक ने पटना साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उसने पुलिस को युवती के मोबाइल नंबर और बातचीत से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई है.

इसी तरह पटना के गोला रोड इलाके में भी डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद 2.94 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. युवती ने रेटिंग टास्क के नाम पर युवक से रकम जमा कराई थी. लगातार पैसे मांगे जाने पर उसे ठगी का एहसास हुआ. दोनों मामलों ने सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-