EXIT POLL 2024 : वोटिंग खत्म होने के बाद सामने आने लगे एग्जिट पोल के नतीजे, तीन सर्वे में NDA की सरकार बनने का अनुमान
EXIT POLL 2024 :19 अप्रैल से शुरू हुआ लोकसभा चुनाव आज संपन्न हो गया है। 1 जून को सातवें चरण में कुल 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गयी। अब एग्जिट पोल का दौर शुरू हो गया है।
सामने आने लगे एग्जिट पोल के नतीजे
दिलचस्प बात ये है कि रिपब्लिक भारत- पी मार्क के एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए 2019 वाली जीत एक बार फिर दोहराने जा रहा है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी की अगुआई वाला एनडीए 353 से 368 सीटें जीत सकता है। वहीं इंडिया गठबंधन केवल 133 पर सिमट रहा है।
वहीं INDIA TV के एग्जिट पोल में NDA को 371 सीटें दी गई हैं। इस तरह से इन तीन एग्जिट पोल्स में एनडीए की सरकार बनती नजर आ रही है। स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स के सर्वे के मुताबिक NDA को 49.30 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। I.N.D.I.A गठबंधन को 38.40 प्रतिशत वोट शेयर और अन्य को 12.30 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।
स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स के सर्वे के मुताबिक तमिलनाडु में NDA को 0 से 2 सीटें और I.N.D.I.A गठबंधन को 36 से 39 सीटें मिलने का अनुमान है। आंध्रप्रदेश में NDA को 19 से 23 सीटें मिल सकती हैं। I.N.D.I.A गठबंधन का खाता भी यहां खुलना मुश्किल है।
बिहार में क्या होगा हाल
आजतक के सर्वे के मुताबिक बिहार में NDA को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। बिहार में 29 से 33 सीटें एनडीए जीत सकती है। इसमें नीतीश कुमार कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं। उनकी पार्टी को 9-11 सीटें मिल सकती है। वहीं, बीजेपी को 13-15 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, LJPR 5 सीटें जीत सकती है। वहीं, आरजेडी को 6-7 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे के मुताबिक बिहार में NDA का वोट शेयर 48% रह सकता है। वहीं, I.N.D.I.A गठबंधन का 42% रह सकता है।
झारखण्ड में भी NDA गठबंधन को हो रहा नुकसान
वहीं, झारखण्ड की बात करें तो आजतक के सर्वे के मुताबिक बीजेपी गठबंधन को 8-10 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, I.N.D.I.A. गठबंधन को 4-6 सीटें मिल सकती हैं।
छत्तीसगढ़ में NDA को बड़ा फायदा
छत्तीसगढ़ की बात करें तो आजतक के सर्वे के मुताबिक एनडीए को 6% वोट शेयर का इजाफा हो रहा है यानी 57 फीसदी वोट शेयर मिल रहा है। इसके मुताबिक 10-11 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 0-1 सीटें मिल सकती हैं।आपको बता दें कि यहां कुल 11 सीटें हैं।
मध्यप्रदेश में क्लीन स्वीप करेगी बीजेपी!
वहीं मध्यप्रदेश में एनडीए को 61% वोट शेयर मिल सकता है, वहीं I.N.D.I.A गठबंधन को 33 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। सीटों की बात करें तो एनडीए को 28-29 सीटें मिल सकती हैं। कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के बाद यहां भी बीजेपी क्लीन स्वीप कर सकती है।
केरल में भी इस बार एनडीए का खाता खुल सकता है। वहीं, I.N.D.I.A गठबंधन को 17 से 20 सीटें मिलने का अनुमान है। तेलंगाना में एनडीए को 5 से 7 सीटें और I.N.D.I.A को 8 से 10 सीटें मिल सकती हैं। अनुमान है कि एनडीए आंध्र प्रदेश के लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव में स्वीप कर सकती है।
आज तक के एग्जिट पोल के मुताबिक कर्नाटक की 28 सीटों में से बीजेपी को 20 से 22 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा कांग्रेस को केवल 3 से पांच सीटें मिलने का अनुमान है। जेडीएस को तीन सीटें हासिल हो सकती हैं।