EOU का बड़ा एक्शन : इंजीनियर गोपाल कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, 40 लाख कैश बरामद
पटना: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU)ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कार्य प्रमंडल झाझा के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार पर शिकंजा कस दिया है. आय से अधिक संपत्ति मामले मेंEOUने उनके खिलाफ केस दर्ज कर पटना,जमुई समेत चार ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की. यह कार्रवाई विशेष निगरानी न्यायालय से वारंट मिलने के बाद की गई.
जांच एजेंसी के अनुसार प्रारंभिक जांच में गोपाल कुमार के पास ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है.EOUका दावा है कि अभियंता ने लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध संपत्ति अर्जित की है. छापेमारी के दौरान सबसे बड़ा खुलासा 40 लाख रुपये नकद बरामद होने के रूप में सामने आया. भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद मौके पर नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी.
EOUकी टीम ने पटना के कंकड़बाग स्थित फ्लैट,जमुई स्थित आवास और कार्यालय समेत अन्य ठिकानों की गहन तलाशी ली. कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज,निवेश से जुड़े कागजात और संपत्ति के रिकॉर्ड भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं. पूरी छापेमारीDSPस्तर के अधिकारियों की निगरानी में चल रही है.
सूत्रों के मुताबिक, EOUअब बरामद दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की भी जांच करेगी. अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगी. बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-