Hindi News / बिहार में भूमि विवादों के शीघ्र निपटारे और लंबित मामलों पर अधिकारियों को...

चीनी मिलों के सुचारू संचालन को लेकर सरकार सख्त : बिहार में भूमि विवादों के शीघ्र निपटारे और लंबित मामलों पर अधिकारियों को मिले अहम निर्देश

Edited By:  |
chinee milon ke sucharu sanchalan ko lekar sarkar sakhta

पटना:बिहार में चीनी मिलों के सुचारू प्रबंधन और संचालन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने की, जबकि गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार भी मौजूद रहे.

बैठक में चीनी मिलों से जुड़े सरकारी और रैयती भूमि के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई. खास तौर पर न्यायालयों में लंबित भूमि विवादों पर अधिकारियों से जानकारी ली गई. सरकार की ओर से ऐसे मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह और राजस्व पर्षद के सचिव कुमार मंगलम समेत दोनों विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक का मुख्य उद्देश्य चीनी मिलों के संचालन में भूमि से जुड़े विवादों और कानूनी अड़चनों को दूर करना रहा. अधिकारियों को लंबित मामलों की प्रभावी निगरानी करने और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

सरकार का फोकस चीनी मिलों के बेहतर प्रबंधन के साथ गन्ना उद्योग को मजबूत करने पर है. भूमि संबंधी मामलों के जल्द समाधान से मिलों के संचालन में आने वाली बाधाएं कम होने की उम्मीद है.

बैठक में अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ काम करने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. सरकार की इस पहल से राज्य के चीनी उद्योग को गति मिलने और किसानों से जुड़े गन्ना कारोबार को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--