BIHAR NEWS : राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 17 तक निकलेगी तिरंगा यात्रा- शिक्षा मंत्री
पटना : शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने केंद्र सरकार के 'हर घर तिरंगा- 2026-महोत्सव' के देशव्यापी अभियान के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों समेत सभी शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों और प्रखंडों के विद्यालयों में तिरंगा यात्रा का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि यात्रा से पढ़ाई बाधित न हो, इसका भी ध्यान रखना है.
शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिया है कि तिरंगा यात्रा में विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व को पूरे जोश, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए.
तिवारी ने कहा कि देश की आजादी सीमाओं की रक्षा से सुरक्षित रहती है, लेकिन आजादी की ताकत शिक्षित नागरिकों से बढ़ती है. इसलिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को और मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाए.
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि तिरंगा यात्रा सहित स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों में विद्यालय परिवार और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आजादी का पर्व जनभागीदारी के साथ पूरे उत्साह से मनाया जा सके.