Hindi News / राज्य के 101 अनुमंडलों में 720 बालक एवं 520 बालिका बेड की क्षमता...

BIHAR NEWS : राज्य के 101 अनुमंडलों में 720 बालक एवं 520 बालिका बेड की क्षमता वाले नए कन्या आवासीय विद्यालय खुलेंगे

Edited By:  |
bihar news

पटना :राज्य में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के बालकों के लिए 720 बेड व बालिकाओं के लिए 520 बेड की क्षमता वाले कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय खोले जाएंगे. इन विद्यालयों की स्थापना 101 अनुमंडलों में की जाएगी. वर्तमान में जिला स्तर पर बालिकाओं के लिए 39 आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं. यह जानकारी पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने सूचना भवन के संवाद में आयोजित विभागीय प्रेस वार्ता में दी.

मंत्री ने बताया कि जिला अनुमंडल स्तर पर बालिकाओं के लिए 100 बेड तथा प्रमंडल स्तर पर बालकों के लिए 100 बेड की क्षमता वाले नए जननायक कर्पूरी छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा. इस दिशा में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है. वर्तमान में संचालित 38 जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावासों की कुल क्षमता 3800 है,जिसमें 2962 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं.

कन्या +2 उच्च विद्यालयों में रिक्त 927 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति टीआरई-4 के माध्यम से की जाएगी. इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी गई है. इसके अलावा 12वीं पास छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पुलिस,फायर सर्विस और तकनीकी कोर्स कर रही छात्राओं को 50 हजार रुपये तक का लैपटॉप देने का प्रस्ताव केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष रखा गया है. मुख्यमंत्री पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग अभ्युदय योजना के तहत प्रतिष्ठित संस्थानों में यूपीएससी,क्लैट,निफ्ट के साथ-साथ विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए अनुदान एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा. विभाग 10 अन्य पिछड़ा वर्ग सैनिक स्कूल खोलने की भी योजना बना रहा है. जल्द ही ऑनलाइन शिकायत पोर्टल भी जारी किया जाएगा.

मुख्यमंत्री पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 57 लाख 16 हजार 599 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया है. वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 53 लाख 7 हजार 726 छात्र-छात्राओं को लाभ दिया गया. कौशल विकास प्रशिक्षण योजना के तहत वर्ष 2017-18 से अब तक 5 हजार 413 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है. वर्तमान में 9 केंद्रों पर 370 प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.

मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल, अवर सचिव अनिल कुमार ठाकुर, संयुक्त सचिव ऋषि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.