Hindi News / बिहार की पंचायतों के लिए प्रेरणा बनी तेलकप पंचायत, मंत्री दीपक प्रकाश ने...

BIHAR NEWS : बिहार की पंचायतों के लिए प्रेरणा बनी तेलकप पंचायत, मंत्री दीपक प्रकाश ने किया सम्मानित

Edited By:  |
bihar news

पटना : राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाने वाली रोहतास जिले की तेलकप पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो से पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने गुरुवार को मुलाकात की. उन्होंने मुखिया को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की अन्य पंचायतों को तेलकप से प्रेरणा लेकर जनहित की दिशा में काम करना चाहिए. आगे कहा कि वे जल्द ही तेलकप पंचायत का दौरा कर वहां चल रहे उत्कृष्ट कार्यों से अवगत होंगे.

मंत्री ने पंचायतों को आय के स्वयं के स्रोत विकसित करने की दिशा में काम करने पर बल देते हुए कहा कि पंचायतों की आत्मनिर्भरता से ग्रामीण विकास को नई मजबूती मिलेगी और पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगी. विदित हो कि मुखिया अनीता को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार (राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार) श्रेणी में द्वितीय स्थान मिला है.

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता पर हो रहा काम

मंत्री ने पंचायत में संचालित विकास कार्यों और स्थानीय चुनौतियों की जानकारी ली. विशेष रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्धता व साफ–सफाई जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि तेलकप पंचायत के कुछ वार्डों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता अभी भी एक प्रमुख चुनौती है, जिसे दूर करने के लिए विभाग हरसंभव सहयोग कर रहा है. उन्होंने पंचायत को जनहित व सतत विकास के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.

क्षमता संवर्धन में प्रशिक्षण कार्यक्रम सहायक

मौके पर विभाग के निदेशक ने भी मुखिया को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की. निदेशक ने पंचायत सचिव के कार्यों की सराहना करते हुए संचालित विकास कार्यों व योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया. वहीं, मुखिया अनीता टोप्पो ने कहा कि यह सम्मान पंचायत के जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. इस पुरस्कार राशि का उपयोग पंचायत के विकासात्मक कार्यों में किया जाएगा. आगे कहा कि जिला पंचायत संसाधन केंद्र की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने उनके क्षमता संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में काफी सहायता मिली.