Hindi News / हड़ताली CO और राजस्व अधिकारियों पर सख्ती, धमकी देने पर जेल का...

BIHAR NEWS : हड़ताली CO और राजस्व अधिकारियों पर सख्ती, धमकी देने पर जेल का आदेश, सरकार का बड़ा एक्शन

Edited By:  |
bihar news

पटना: बिहार में हड़ताली अंचल अधिकारियों (सीओ) और राजस्व कर्मियों के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हड़ताल के दौरान काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी तरह से धमकाना या दबाव बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थी कि हड़ताल पर गए कुछ अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को व्हाट्सएप कॉल और अन्य माध्यमों से धमका रहे हैं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यदि ऐसी कोई भी घटना सामने आती है तो तत्काल संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए.

सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि दोषी पाए जाने वाले हड़ताली अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें सीधे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. पुलिस प्रशासन को भी निर्देश दिया गया है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,ताकि सरकारी कामकाज प्रभावित न हो.

राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि हड़ताल करना एक अधिकार हो सकता है,लेकिन इसके नाम पर कानून व्यवस्था को चुनौती देना या अन्य कर्मचारियों को डराना-धमकाना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है. प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--