Hindi News / दियारा क्षेत्र की लाइफ लाइन बनी निःशुल्क स्टीमर सेवा, किसानों और व्यापारियों को...

BIHAR NEWS : दियारा क्षेत्र की लाइफ लाइन बनी निःशुल्क स्टीमर सेवा, किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा फायदा

Edited By:  |
bihar news

पटना :दियारा क्षेत्र नदियों के बाढ़ के मैदानों में स्थित वह गतिशील उपजाऊ भूमि है, जो नदियों के मार्ग बदलने या धारा के बीच द्वीप के रूप में बनती-बिगड़ती रहती है. इसका आकार दीये जैसा होता है. यह क्षेत्र पानी की वजह से हर साल बाढ़, मिट्टी के कटाव और आवागमन जैसी गंभीर दिक्कतों का सामना करता है. बिहार सरकार ने दियारा क्षेत्र के विकास और वहां के नागरिकों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि जैसी मूलभूत सुविधाएं देने के लिए कई कदम उठाए हैं.

हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी द्वारा दानापुर के नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क200-सीटर यात्री स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया गया. स्थानीय निवासी के मुताबिक यह पहल दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और किफायती आवागमन सुनिश्चित करने के साथ किसानों, स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी. इस निःशुल्क फेरी सेवा से दानापुर दियारा क्षेत्र की6ग्राम पंचायतों एवं66हजार से अधिक आबादी को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा. यह सेवा किसानों, सब्जी-फल एवं दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं के साथ-साथ विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और पंचायत कार्यालयों के कर्मियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी.

विशेषज्ञों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य नदी-आधारित संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करना और दियारा क्षेत्र के निवासियों को सुलभ, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है. यह परियोजना बिहार सरकार की अंतर्देशीय जल परिवहन प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही, यह दूरस्थ नदी तटीय और दियारा क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा वहाँ के लोगों के लिए आवागमन को अधिक सुगम और विश्वसनीय बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है.

क्या कहते हैं स्थानीय युवा

“दियारा क्षेत्र में मानसून के दौरान नदियों के जलस्तर बढ़ने से आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है. यह सेवा इन गांवों को वर्षभर निर्बाध और सुगम संपर्क उपलब्ध कराएगी, जिससे लोगों के आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँच भी आसान होगी.”

“यह जल परिवहन सेवा आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी. समय अवधि बढ़ा दिया जाएगा तो आम लोगों के लिए बेहतर होगा.”