BIHAR NEWS : पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप बनेगी निवेश और रोजगार का नया केंद्र, IT से लेकर उद्योग तक खुलेंगे विकास के नए रास्ते
पटना :बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप केवल एक आधुनिक आवासीय परियोजना नहीं होगी,बल्कि इसे राज्य के सबसे बड़े आर्थिक विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. इस परियोजना का उद्देश्य पटना और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना,औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है.
योजना के तहत टाउनशिप में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी),वित्तीय सेवाएं,विनिर्माण उद्योग,कृषि आधारित उद्योग,लॉजिस्टिक्स,वेयरहाउस,शिक्षा,स्वास्थ्य,पर्यटन,खेल,अनुसंधान और नवाचार जैसे क्षेत्रों का विकास किया जाएगा. इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से कुशल और अर्द्धकुशल दोनों प्रकार के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलने की संभावना है.
टाउनशिप को आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस किया जाएगा. इसके लिए मेट्रो,एक्सप्रेस-वे और अन्य प्रमुख परिवहन नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की योजना है. साथ ही यहां सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट विकसित किया जाएगा,जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके.
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना केवल पटना ही नहीं,बल्कि पूरे बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकती है. उद्योग,सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी इससे मजबूती मिलेगी. सरकार का लक्ष्य इस टाउनशिप को ऐसा आधुनिक आर्थिक केंद्र बनाना है,जहां निवेश,कारोबार,नवाचार और रोजगार के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध हों. यदि परियोजना तय समय पर पूरी होती है तो यह बिहार के शहरी विकास और आर्थिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-