Hindi News / निजी प्लॉटों की सफाई के लिए पटना नगर निगम का विशेष अभियान, विभिन्न...

BIHAR NEWS : निजी प्लॉटों की सफाई के लिए पटना नगर निगम का विशेष अभियान, विभिन्न अंचलों से 100 टन से अधिक कचरे का उठाव

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना नगर निगम द्वारा बुधवार को सभी अंचलों में गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) के रूप में विकसित हुए निजी प्लॉट्स की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के तहत उन निजी एवं खुले प्लॉटों को प्राथमिकता दी गई, जहां लंबे समय से कचरे का जमाव होने के कारण गंदगी फैल रही थी और बीमारियों के साथ-साथ आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.



अभियान के अंतर्गत पाटलिपुत्र,नूतन राजधानी,बांकीपुर एवं कंकड़बाग अंचल में निजी प्लॉटों की विशेष साफ-सफाई की गई. वहीं अजीमाबाद एवं पटना सिटी अंचल में किसी भी निजी प्लॉट पर कचरा नहीं पाया गया. इन दोनों अंचलों में नगर निगम की टीम ने गली-मोहल्लों की गहन सफाई (डीप क्लीनिंग) की गई.


पाटलिपुत्र अंचल में सबसे बड़ा अभियान


पाटलिपुत्र अंचल के वार्ड संख्या-27 स्थित चीना कोठी एवं खास महल की जमीन पर बने खटाल को हटाकर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया. इस दौरान लगभग 65 टन कचरे का उठाव किया गया. इस कार्य में चार जेसीबी,चार हाइवा तथा 30 मजदूरों को लगाया गया.


नूतन राजधानी अंचल में चार टन कचरे का उठाव


नूतन राजधानी अंचल के वार्ड संख्या-17 स्थित पश्चिमी जयप्रकाश नगर तथा वार्ड संख्या-18 के चित्रगुप्त मार्ग स्थित निजी प्लॉटों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. इस कार्य में दो टिपर,दो बॉबकैट मशीन तथा तीन सफाई कर्मियों की तैनाती की गई. अभियान के दौरान करीब चार टन कचरा हटाया गया,जिससे आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया.


बांकीपुर अंचल में कई स्थानों की हुई सफाई


बांकीपुर अंचल के वार्ड संख्या-36 अंतर्गत लोहानीपुर में लालजी टोला,गोरैया स्थान एवं पृथ्वीराज चौराहा स्थित निजी प्लॉटों की व्यापक सफाई कराई गई. अभियान में 10 मजदूर,एक जेसीबी,एक मिनी हाइवा,दो ई-कार्ट एवं दो हाथ ठेला लगाए गए. नगर निगम की टीम ने यहां से करीब 12 टन कचरे का उठाव किया.


कंकड़बाग अंचल में हटाए गए 20 टन कचरे के ढेर


कंकड़बाग अंचल के वार्ड संख्या-30 एवं 31 के बंगाली टोला क्षेत्र में निजी प्लॉटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया. यहां दो जेसीबी,दो टिपर तथा सात मजदूरों की मदद से करीब 20 टन कचरा हटाया गया.


साफ-सफाई के बाद सभी स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया गया. विदित है कि निगम द्वारा सभी वार्डों एवं सेक्टरों में नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था संचालित की जा रही है. अभियान के दौराम नागरिकों से अपील की गई कि वे घरों का कचरा केवल नगर निगम की कचरा गाड़ी में ही दें तथा खाली प्लॉटों या सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें.


कंट्रोल रूम से डोर टू डोर सेवा की मॉनिटरिंग

निगम मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से प्रतिदिन डोर टू डोर गाड़ियों की मॉनिटरिंग की जा रही है. गाड़ी की ब्रेकडाउन की परिस्थिति में वैकल्पिक गाड़ी को कचरा उठाव के लिए भेजा जा रहा है. यदि किसी क्षेत्र में निर्धारित समय पर कचरा गाड़ी नहीं पहुंच रही है,तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 155304 अथवा वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर 9264447449 के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं.


वरीय पदाधिकारियों की निगरानी में मानसून एवं साफ-सफाई का कार्य

निगम के सभी वरीय पदाधिकारियों को एक-एक अंचल का प्रभार दिया गया है. नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी वरीय पदाधिकारी प्रतिदिन हाजिरी प्वाइंट पर सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं वार्ड में साफ-सफाई,फॉगिंग एवं वर्षा होने पर जलनिकासी के कार्य की निगरानी कर रहे हैं एवं ससमय कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करा रहे हैं.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट-