कटिहार में चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा : पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा, गलाया हुआ सोना और मोबाइल बरामद
कटिहार: बड़ी खबर कटिहार से है जहां पुलिस ने शहर में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई चेन का गलाया हुआ9.810ग्राम सोना, मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस कार्रवाई को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अंजाम दिया गया.
पुलिस के अनुसार29जून को नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी रमन कुमार चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब5:10बजे उनकी पत्नी अपनी बच्ची को स्कूल वाहन में बैठाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी. तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. मामले में नगर थाना कांड संख्या726/26दर्ज किया गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-01अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी आसीफ आलम को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर चोरी का सोना खरीदने वाले तीन लोगों तथा सोना गलाने वाले दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट-





