BIHAR NEWS : राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे, विपक्ष चर्चा से भाग रहा - संजय सरावगी
पटना:भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी नीट और पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दों पर छात्रों की चिंता करने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है,लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है.
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की दिशा में कदम उठाया है,ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक निश्चित रूप से एक गंभीर समस्या है,लेकिन यह कोई नई घटना नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के शासनकाल में भी पेपर लीक की घटनाएं हुई थी. उनका दावा था कि भाजपा सरकार ने ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक महीने के भीतर पुनर्परीक्षाएं आयोजित कराईं और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की.
पटना में हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए सरावगी ने कहा कि वहां वास्तविक छात्र नहीं,बल्कि अराजकता फैलाने वाले लोग मौजूद थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के नाम पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पेपर लीक जैसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही उन्होंने विपक्ष पर अफवाह,अवसरवाद और अविश्वास की राजनीति करने का आरोप लगाया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--