रांची में महासंग्राम : आदित्य साहू ने की घटना की कड़ी निंदा,बोले-कांग्रेस लोक लाज छोड़ आए थे पत्थरबाजों को लेकर
रांची:बीजेपी प्रदेश कार्यालय के पास हुए भारी हंगामे और पत्थरबाजी के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा की है. प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से कार्यालय का घेराव किये जाने पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन कांग्रेस ने जिस तरह से पत्थरबाज और गुंडों के साथ बीजेपी कार्यालय का घेराव किया और कार्यकर्ताओं पर पत्थर,डंडे और टमाटर फेंके वह घोर निंदनीय है.
आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोक लाज से चलता है,लेकिन कांग्रेस पार्टी ने साबित कर दिया कि लोक लाज छोड़ दिया है. इनके दो चेहरे है,दिल्ली में कुछ करते है और झारखंड में दूसरा चेहरा है. आदित्य साहू ने कहा किझारखंड में बीते 6 वर्षों में जेएसएससी, जेपीएससी, सीजेएल, उत्पाद सिपाही में जब भी परीक्षा हुआ उसका प्रश्न पत्र पहले लीक हुआ है. विगत 6 वर्षों में कांग्रेस की मदद से युवाओं का रोजगार छिनने का काम किया है. परीक्षा में हुई अनियमितता की जांच होनी चाहिए,लेकिन कांग्रेस मौन है. बीजेपी ने मांग कि है कि जेपीएससी अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज हो.
उन्होंने कहा कि आज बीजेपी प्रदेश कार्यालय का घेराव कांग्रेस ने किया. यह लोकतांत्रिक व्यवस्था है. बुधवार को बीजेपी ने भी कांग्रेस का घेराव किया था,लेकिन कोई पत्थर नहीं चला था, लेकिन आज कांग्रेस पत्थरबाजों को लेकर आये थे। जब कांग्रेस ने पत्थर चलाया तो बीजेपी ने भी उसका प्रतिकार किया. उन्होंने डीएसपी पर आरोप लगाया है कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता के रूप में बीजेपी के कार्यकर्ताओं को पीटा है. बीजेपी इसकी निंदा करती है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकत के साथ हाथ मिलाकर राष्ट्र को कमजोर करने का काम करती है.नरेंद्र मोदी के सफलता के 12 वर्ष के कार्यकाल से कांग्रेस बौखलायी हुई है. कांग्रेस को युवाओं से कोई मतलब नहीं है.
आदित्य साहू नेकांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम आवास के समक्ष धरना दिया,जब कि यह कहीं से भी संविधान के अंदर नहीं आता. कांग्रेस नेता ने पहले भी राष्ट्रपति के खिलाफ गलत बयानबाजी कर चुके हैं,पीएम को भी गाली देने से बाज नहीं आते. कांग्रेस पीएम और राष्ट्रपति के पद की गरिमा तक नहीं रखते.
आदित्य साहू ने ये भी कहा कि इटली निवासी सोनिया गांधी सहित पूरी पार्टी देश को तोड़ना चाहती है. वहीं, दूसरी तरफ पीएम नरेंद्र मोदी ने देश का मान बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि NEET की परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा ली गयी. आज छात्र सफल हो कर पढ़ाई कर रहे हैं. पीएम ने ट्विट कर कहा भी है कि NEET प्रश्नपत्र लीक मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा.
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड के शराब घोटाले में कोई जांच नहीं की गई. आज सारे आरोपी काम कर रहे हैं. उन्होंने मांग की है कि झारखंड में जितने भी परीक्षा रद्द हुई है उसकी जांच सीबीआई से करवाई जाए. जेएमएम ने कई बार कांग्रेस को उसकी सीमा दिखाया है लेकिन बेशर्म होकर कांग्रेस सत्ता में है.
उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराया है.





