Hindi News / बिहार में पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री पर उठे सवाल, दानापुर में लोगों ने जताया...

BIHAR NEWS : बिहार में पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री पर उठे सवाल, दानापुर में लोगों ने जताया विरोध

Edited By:  |
bihar news

दानापुर: पटना से सटे दानापुर में बिहार सरकार द्वारा जमीन निबंधन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की पहल को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध के स्वर उठने लगे हैं. इसी क्रम में दानापुर स्थित सब-निबंधन कार्यालय परिसर में कुछ लोगों ने नई व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की.

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि बिहार में अभी भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और अशिक्षित आबादी निवास करती है. ऐसे में पूरी तरह पेपरलेस जमीन रजिस्ट्री लागू होने से आम नागरिकों को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. प्रदर्शनकारियों ने आशंका जताई कि डिजिटल प्रक्रिया में साइबर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग तथा भूमि विवादों की संभावनाएं बढ़ सकती है.

लोगों का सुझाव है कि राज्य सरकार पहले पूरे बिहार में भूमि सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर प्रत्येक भूखंड का स्पष्ट रिकॉर्ड और नक्शा तैयार करे. इसके बाद ही पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया जाए. कुछ लोगों ने अन्य राज्यों के अनुभवों का हवाला देते हुए भी इस व्यवस्था के व्यावहारिक पहलुओं पर सवाल उठाए. उत्तर प्रदेश में जिस तरह से इस व्यवस्था को वापस लिए हैं उसी तरह से बिहार सरकार को भी वापस लेना चाहिए. नहीं तो दोनों तरह की व्यवस्था रखे सरकार.

वहीं बिहार सरकार का मानना है कि डिजिटल और पेपरलेस निबंधन प्रणाली से रजिस्ट्री प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनेगी तथा लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. फिलहाल, इस मुद्दे पर सरकार और आम नागरिकों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिल रही है.

दानापुर से अभय राज की रिपोर्ट-