Hindi News / बिहार विधानसभा में सत्ता पक्ष के सचेतकों की नई टीम घोषित, संजीव चौरसिया...

BIHAR NEWS : बिहार विधानसभा में सत्ता पक्ष के सचेतकों की नई टीम घोषित, संजीव चौरसिया बने मुख्य सचेतक

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार विधानसभा में संसदीय कार्यों के बेहतर संचालन को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन ने अपनी नई सचेतक टीम की घोषणा कर दी है. मुख्यमंत्री एवं गठबंधन के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी की ओर से जारी पत्र में कई विधायकों को मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक और सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह पत्र बिहार विधानसभा अध्यक्ष को भेजा गया है.

नई सूची के अनुसार दीघा विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजीव चौरसिया को सत्ता पक्ष का मुख्य सचेतक बनाया गया है. वहीं बरौली से विधायक मंजीत कुमार सिंह को उप मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा9विधायकों को सचेतक नियुक्त किया गया है,जो विधानसभा के दौरान पार्टी और गठबंधन की रणनीति को लागू कराने में अहम भूमिका निभाएंगे.

सचेतक बनाए गए विधायकों में परिहार से गायत्री देवी,गोविंदगंज से राजू तिवारी,पिपरा से राम विलास कामत,हरलाखी से सुधांशु शेखर,मधुबन से राणा रणधीर,सुल्तानगंज से ललित नारायण मंडल,बनमनखी से कृष्ण कुमार ऋषि,मसौढ़ी से अरुण मांझी और पटना साहिब से रत्नेश कुमार शामिल हैं.

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक विधानसभा सत्र और सदन में विधायी कार्यों के दौरान पार्टी अनुशासन बनाए रखने में सचेतकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है. मुख्य सचेतक और उनकी टीम यह सुनिश्चित करती है कि सदन में महत्वपूर्ण विधेयकों और चर्चाओं के दौरान गठबंधन के विधायक उपस्थित रहें और पार्टी लाइन के अनुसार मतदान करें.

सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से की गई इस नई नियुक्ति को आगामी विधानसभा गतिविधियों और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--