BIHAR NEWS : भीषण गर्मी को लेकर PHED अलर्ट, क्षेत्रीय पदाधिकारियों की छुट्टियां रद्द
पटना : भीषण गर्मी एवं संभावित जल संकट की स्थिति को देखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्देश दिया है.
सचिव ने स्पष्ट किया है कि निर्बाध एवं निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय पदाधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें. अत्यंत आपात स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा,जिसके लिए सचिव स्तर से अनुमति अनिवार्य होगी.
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण जिन क्षेत्रों में भू-जल स्तर में कमी देखी जा रही है,वहाँ संबंधित पदाधिकारी वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकर आदि के माध्यम से जलापूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करें.
सचिव पाल ने सख्त निर्देश दिया है कि बिहार के किसी भी इलाके में इस बार जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक एवं त्वरित कदम उठाए जाएं.
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने एवं आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने हेतु समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.