BIHAR NEWS : बिहार पुलिस के अधिकारियों को साइबर सुरक्षा का मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, पटना में दो दिवसीय कार्यक्रम शुरु
पटना:साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई,बिहार ने राज्य के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए दो दिवसीय साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है. यह प्रशिक्षण 15 और 16 जून 2026 को सरदार पटेल भवन ऑडिटोरियम,पटना में आयोजित किया जा रहा है.
कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक (अभियान एवं विशेष शाखा) कुंदन कृष्णन ने किया. इस अवसर पर साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ कुमार दास,पुलिस उपमहानिरीक्षक रंजीत मिश्रा,पुलिस अधीक्षक (अनुसंधान एवं अभियान) अभिषेक कुमार तथा सीआईडी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कुंदन कृष्णन ने कहा कि वर्तमान समय "एज ऑफ अनसर्टेनिटी" का है,जहां डिजिटल तकनीकों पर बढ़ती निर्भरता के कारण साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा,आर्थिक स्थिरता और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन गई है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साइबर अपराधों की बदलती प्रवृत्तियों को समझने और आधुनिक तकनीकों में दक्षता हासिल करने का आह्वान किया.
अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ कुमार दास ने बताया कि बिहार पुलिस ने साइबर अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत संस्थागत ढांचा विकसित किया है. राज्य मुख्यालय स्तर पर विशेष व्यवस्था के साथ सभी जिलों में साइबर थानों का संचालन किया जा रहा है और साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई को नई गति मिली है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA)के विशेषज्ञ साइबर सुरक्षा,साइबर अपराधों की नई प्रवृत्तियों,डिजिटल फॉरेंसिक,ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की जांच,सोशल मीडिया अपराधों की रोकथाम तथा साइबर अपराधों के प्रभावी अनुसंधान जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी देंगे.
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बिहार पुलिस के अधिकारियों को आधुनिक साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक ज्ञान,तकनीकी कौशल और जांच क्षमता से सशक्त बनाना है.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट-