BIHAR NEWS : बिहार में आंधी-तूफान के बाद दूसरे दिन भी युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी
पटना : राजधानी पटना सहित अन्य जिलों में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान के बाद राहत एवं बचाव कार्य शनिवार को भी युद्धस्तर पर जारी रहा. आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, नगर निगम और वन विभाग की टीमें राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से कार्य करती रहीं ताकि आमजन को शीघ्र राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की ओर से राहत एवं बचाव कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है. साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया जा रहा है.
गायघाट, कंकड़बाग, हार्डिंग रोड, हज भवन, सचिवालय, गर्दनीबाग, 96 ऑफिसर्स एनक्लेव, हवाई अड्डा, बेली रोड, पुनाईचक, नेहरू पार्क, पटना म्यूजियम एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई के साथ अवरोध हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है. संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को सामान्य बनाने और जनजीवन को सुचारु रूप से बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे धैर्य एवं संयम बनाए रखें. किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. सभी नागरिक आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. आवश्यक होने पर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें. साथ ही किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर- 0612-2294204/205 और सहायता नंबर- 1070 पर संपर्क किया जा सकता है.