बिहार में CO की हड़ताल पर सरकार सख्त : विभाग के सचिव ने त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश, हड़ताल पर जाने को बताया नियम विरुद्ध
पटना:बिहार में सभी अंचलाधिकारियों की हड़ताल पर जाने को लेकर सरकार का सख्त एक्शन है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने हड़ताल पर गए अंचलाधिकारियों के खिलाफ त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.
विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने सभी जिलाधिकारियों को साफ कहा है कि सरकारी काम नहीं रुकेगा. आदेश में उन्होंने लिखा है कि सरकारी गाड़ियां तुरंत वापस ली जाएं, डोंगल , चाभियां और सभी सरकारी अभिलेख जमा कराए जाएं. सरकारी सामग्री तत्काल कार्यालय में लौटे.
अंचलाधिकारियों के हड़ताल के कारण जमीन, दाखिल-खारिज और राजस्व से जुड़े काम न रुके, इसके लिए वरीय हल्का कर्मचारी को सीओ का प्रभार देने का निर्देश दिया गया है. सोमवार और शुक्रवार को अनिवार्य जनता दरबार नहीं लग सका, इससे आम लोगों के काम अटकने की आशंका बढ़ी है. डीएम को स्थिति पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है.
राजस्व सेवा संघ के बैनर तले राज्य के सभी अंचलाधिकारी हड़ताल पर हैं. विभाग ने इसे बजट सत्र के दौरान जनहित के खिलाफ बताया है. हाल के दिनों में डिप्टी सीएम सह राजस्व मंत्री विजय सिन्हा लापरवाही पर सख्त रुख दिखा चुके हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--