BIG NEWS : जमुई के नागी डैम में पिता-पुत्र की डूबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
जमुई: बड़ी खबर बिहार के जमुई से है जहांझाझा थाना क्षेत्र के नागी डैम में मंगलवार को पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई. इस घटना से क्षेत्र में कोहराम मच गया. देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ डैम के पास उमड़ पड़ी. बाद में स्थानीय तैराकों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया. घटना की सूचना मिलते ही बाराजोर सहित आसपास के गांवों से रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई.
परिजनों के मुताबिक तौफीक रोजाना अपने बेटे को लेकर चारगछवा इलाके में सुबह टहलने जाता था. मंगलवार को भी वह सुबह करीब 7 बजे बाइक से पुत्र को लेकर निकला,लेकिन दो घंटे तक घर नहीं लौटा. परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला. इसके बाद परिजन और ग्रामीण खोजबीन करते हुए नागी डैम पहुंचे,जहां एक छोर पर खड़ी बाइक दिखाई दी. पास जाकर देखने पर बाइक तौफीक की निकली,जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कराया,जो डैम के पास मिली. पुलिस टीम ने स्थानीय तैराकों को तलाशी के लिए पानी में उतारा. कुछ देर बाद दोनों के शव डैम में दबे हुए मिले,जिन्हें बाहर निकाला गया.
तौफीक पेशे से शिक्षक था और 2025 में बीपीएससी के माध्यम से नियुक्ति के बाद हाल ही में टहवा बलियाडीह स्थित उर्दू विद्यालय में पदस्थापित हुआ था. ग्रामीणों के अनुसार उसका पुत्र बोल नहीं सकता था और घर का इकलौता बेटा था. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है,जबकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की बात कही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मृतकों में बाराजोर गांव निवासी मो. तौफीक उमर (30 वर्ष) और उसके एकलौते पुत्र मो. अरहान गाजी (4 वर्ष) है.
बीरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट--