Live

BIG NEWS

कुख्यात अपराधी दीपक पांडे ने डिहरी अनुमंडल कोर्ट में किया सरेंडर, 2 लाख का घोषित था इनाम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

आरा : बड़ी खबर भोजपुर से है जहां जिले के तरारी थाना क्षेत्र के भकुरा गांव के रहने वाले 2 लाख के कुख्यात इनामी अपराधी दीपक पांडे ने पुलिसिया दबिश के कारण रोहतास जिले के डिहरी अनुमंडल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. अपने दो भाइयों की हत्या के बाद जुर्म की दुनिया में प्रवेश करने वाले दीपक की कहानी भी बड़ी अजीब है.

भोजपुर जिले के सुदूरवर्ती गांव भकुरा के रहने वाले दीपक गांव का एक सीधा-साधा युवक था और पढ़ाई लिखाई करके वह सरकारी नौकरी करना चाहता था. लेकिन नियति को शायद कुछ और ही मंजूर था. जब अपने दो भाइयों राजेश एवं नागेश की हत्या के बाद उसने हाथ में बंदूक उठा लिया.

भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव में रह रहे उनके दोनों भाइयों की हत्या तब कर दी गई जब पूर्व के बसौरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष मुन्ना पांडे की हत्या नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर में कर दी गई थी. इसके प्रतिशोध में 24 दिसम्बर 2016 को राजेश पांडे उर्फ बड़कून पांडे की हत्या कर दी गई. इसके बाद एक बार फिर से 7 जून 2018 को वर्तमान पैक्स अध्यक्ष नागेश पांडे उर्फ छोटकुन पांडेय की हत्या पिरो थाना के मनैनी छलका पर गोली मारकर विरोधियों के द्वारा कर दी गई थी.

बताया जाता है कि इस भाई के हत्या का बदला लेने के लिए एक सीधा-साधा और नौकरी की तलाश करने वाला युवक दीपक पांडे ने जुर्म की दुनिया में कदम रख दिया. वहीं 2020 में फतेहपुर बाजार पर किसान जोगेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई जिसमें सीधे तौर पर दीपक पांडे को आरोपित किया गया. गिरफ्तारी नहीं होने के बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से दीपक पांडे के ऊपर 2 लाख का इनाम घोषित किया गया. वहीं भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर में घटित जदयू नेता प्रिंस सिंह बजरंगी एवं मिथुन सिंह के ऊपर हुई गोलीबारी में मिथुन सिंह की हत्या हुई थी. इसमें भी दीपक पांडे का नाम प्रमुखता से आया था. इसके अलावा चांदी थाना क्षेत्र के एक बालू घाट पर हुए हर्षित सिंह की हत्या के बाद पुलिस मुख्यालय के द्वारा उनके ऊपर 5 लाख का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भेजा गया. वहीं इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय उनके पीछे लगातार नजर रख रही थी. इसके बाद डेहरी कोर्ट में दीपक पांडे ने आत्मसमर्पण कर दिया और उनका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें उसने अपने विरोधियों पर फंसाने की साजिश करने का आरोप लगाया है एवं भोजपुर के पुलिस अधीक्षक की पहल पर आत्मसमर्पण करने की बात कह रहे हैं.

आरा से विवेक कुमार सिंह का रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें