BIG NEWS : जेपी गंगा पथ पर युवक-युवती द्वारा चलती बाइक पर रोमांस का वीडियो वायरल, ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज की FIR
पटना:राजधानी पटना के चर्चित जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव पर चलती बाइक पर रोमांस और खतरनाक तरीके से स्टंट करने का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर युवक-युवती का वीडियो वायरल होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच गांधी मैदान ट्रैफिक थाने के थानाध्यक्ष ने की. जांच में सामने आया कि घटना5सितंबर2026की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है. कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर की ओर एक स्पलेंडर बाइक पर युवक और युवती सवार थे. आरोप है कि युवक बेहद खतरनाक तरीके से बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठी युवती उसके बेहद करीब आकर रोमांस करती नजर आई.
व्यस्त जेपी गंगा पथ पर इस तरह बाइक चलाने से सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर बाइक के चालक और मालिक दीपक कुमार, निवासी मोगलपुरा, पटना सिटी के खिलाफ कार्रवाई की है. उसके साथ बाइक पर मौजूद अज्ञात युवती को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.
गांधी मैदान ट्रैफिक थाने में भारतीय न्याय संहिता यानीBNS की धारा281के तहत कांड संख्या203/26दर्ज किया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही बाइक को जब्त करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है.
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने, लाइक्स और पब्लिसिटी पाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि चालक के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-