BIG BREAKING : पटना-सरमेरा NH पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ऑटो को रौंदा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 घायल
पटना: बड़ी खबर पटना से है जहां जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पटना-सरमेरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार जमालपुर निवासी गौतम कुमार अपनी पत्नी, दो बच्चों और परिवार के एक अन्य सदस्य के साथ ऑटो से बच्चों का इलाज कराने पटनपूरा जा रहे थे. इसी दौरान गौरीचक थाना क्षेत्र के सैदननपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं पुलिस मृतकों की पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया.
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने और चालक की तलाश शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट