बाढ़ग्रस्त राघोपुर के तिरसिया पहुंचे तेजस्वी यादव : पीड़ितों से मिले, राहत में भेदभाव का आरोप लगाकर सरकार पर साधा निशाना
पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को अपने बाढ़ग्रस्त विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के तिरसिया पहुंचे. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और लोगों का हालचाल जाना. तेजस्वी ने बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं.
पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सभी लोगों को एक साथ लेकर नहीं चल रही है. तेजस्वी ने कहा कि उनके पहुंचने से पहले कुछ लोगों को चेक दिए गए हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों तक बिना भेदभाव के राहत पहुंचाई जाए.
तेजस्वी यादव ने राघोपुर में पुल निर्माण की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से पुल बनाने की मांग है. तेजस्वी ने कहा कि पुल का निर्माण हो जाने से लोगों की परेशानी काफी कम हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि किसी भी बाढ़ पीड़ित से बात कर लीजिए, लोग खुद अपनी परेशानियां बता देंगे. तेजस्वी ने सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और सभी जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने की मांग की.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-