Hindi News / 30 जुलाई को मतदान, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई...

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का ऐलान : 30 जुलाई को मतदान, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर मुकाबला

Edited By:  |
bankipur vidhansabha upchunav ka ailaan

पटना :भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है.यह सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी.आयोग की घोषणा के साथ ही बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार,उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई 2026 को जारी होगी.उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे.14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी,जबकि 16 जुलाई नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी.पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 तक पूरी कर ली जाएगी.

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से कराया जाएगा.वोटर मतदाता पहचान पत्र (EPIC)या आयोग द्वारा मान्य अन्य पहचान पत्रों के आधार पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. यदि किसी उम्मीदवार के विरुद्ध आपराधिक मामले लंबित हैं,तो उसे और संबंधित राजनीतिक दल को निर्धारित नियमों के अनुसार इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी होगी.

राजनीतिक दृष्टि से बांकीपुर का यह उपचुनाव काफी अहम माना जा रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई इस सीट पर होने वाला चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न माना जा रहा है. वहीं विपक्ष भी इस चुनाव को भाजपा की राजनीतिक ताकत की परीक्षा के रूप में देख रहा है,जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--