योग शिक्षिका रफिया नाज को सम्मानित : मंत्री इरफान अंसारी ने किए योग के कुछ विशेष अभ्यास,उल्लेखनीय कार्यो को सराहा
रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने योग शिक्षिका रफिया नाज को उनके आवास पर सम्मानित किया. मंत्री इरफान अंसारी ने उनके योग एवं प्राणायाम के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यो की सराहना की. इस मौके पर योग शिक्षिका रफिया नाज ने सकारात्मक सोच, मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और स्वस्थ्य जीवनशैली के लिए योग और प्राणायाम के कुछ विशेष अभ्यास सिखाए. इरफान अंसारी ने कहा कि उनके द्वारा सिखाए गए अभ्यास अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहे.
मंत्री ने कहा कि रफियां नाज योग के क्षेत्र में अत्यंत अनुभवी हैं. उनसे पहली बार मिलकर उनके कार्यों और अनुभवों को जानने का अवसर मिला. इस दौरान उन्होंने योग और प्राणायाम से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.जिस समर्पण के साथ वे बच्चों, छात्राओं, माताओं एवं बहनों को योग के प्रति जागरूक कर रही हैं, वह वास्तव में प्रशंसनीय है. समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश फैलाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा किहमारे धर्म में अनुशासन, आत्मसंयम और स्वस्थ्य जीवन को विशेष महत्व दिया गया है. योग हमें शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग दिखाता है. उन्होंने कहा कि ऐसे सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए वे हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है. आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग भी योग को बढ़ावा देने के लिए उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेगा.
इरफान अंसारी ने कहा कि उनके पूरे परिवार से मिलकर अत्यंत खुशी हुई. परिवारजनों ने जिस आत्मीयता, सम्मान और स्नेह के साथ स्वागत किया, इसके लिए मंत्री ने आभार जताया.