सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे : सरकार ने बिहार में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की दिशा में पहल शुरु की
पटना: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने अपने कार्यकाल के100दिन पूरे कर लिए हैं. इस अवसर पर सरकार ने अपने शुरुआती कार्यकाल को सुशासन, त्वरित निर्णय और विकास कार्यों को गति देने वाला बताया है. सरकार का दावा है कि इन100दिनों में रोजगार, बुनियादी ढांचा, कृषि, शिक्षा, उद्योग और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं.
सरकार ने राज्य में12नई टाउनशिप विकसित करने की दिशा में पहल शुरू की है. साथ ही सड़क, पुल और राज्य राजमार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया है. बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, ताकि राज्य में आवागमन और निवेश के बेहतर अवसर तैयार किए जा सकें.
कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और कृषि आधारित स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं शुरू की गई है. विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को कृषि स्टार्टअप से जोड़ने की पहल भी इसी अवधि में आगे बढ़ाई गई है. शिक्षा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी कई नीतिगत फैसले लिए गए हैं, जिनका उद्देश्य रोजगार के नए अवसर पैदा करना और निवेश को प्रोत्साहित करना है.
महिलाओं की सुरक्षा और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए'पुलिस दीदी' जैसी पहल शुरू की गई है. सरकार का कहना है कि इससे छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी तथा पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा. इसके अलावा ग्रामीण विकास, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
सरकार ने इन100 दिनों को विकास और सुशासन की मजबूत शुरुआत बताया है. वहीं, आने वाले समय में इन योजनाओं को धरातल पर तेजी से लागू करने और जनता तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर देने की बात कही गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-