RJD का राजभवन मार्च : पेपरलीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था मुद्दें पर लालू-तेजस्वी का छात्र-युवाओं से एकजुट होने की अपील
पटना: 19 अगस्त को होने वाले राजभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पेपरलीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और सिवान फायरिंग की घटना को मुद्दा बनाकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर प्रस्तावित इस मार्च में अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी छात्र-युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए छात्र और युवा शक्ति से 19 अगस्त को पटना में एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही आवाजों को दबाने का आरोप लगाया। लालू ने कहा कि युवाओं से जुड़े सवालों और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी राजभवन मार्च को सफल बनाने की अपील की थी। उन्होंने बिहार में लगातार सामने आ रहे पेपरलीक के मामलों, रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार से सवाल पूछे। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि बिहार में परीक्षाएं बिना पेपरलीक के क्यों नहीं हो पा रही हैं और क्या सरकारी नौकरियों में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की स्थिति और बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। तेजस्वी के मुताबिक बिहार युवा आबादी वाला राज्य है, लेकिन यहां बड़ी संख्या में नौजवान रोजगार की तलाश में हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में कथित भेदभाव और पक्षपात को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
राजद ने सिवान फायरिंग की घटना को भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग करने वाले लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए।
लालू प्रसाद के समर्थन के बाद राजद कार्यकर्ताओं और छात्र-युवा समर्थकों में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। पार्टी 19 अगस्त के मार्च के जरिए सरकार पर दबाव बनाने और छात्र, रोजगार तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट