रांची में शांति समिति की बैठक : डीसी-एसएसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया विशेष जोर
रांची:आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. शांति समिति की बैठक में उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे. साथहीप्रशासनिक अधिकारियों, मोहर्रम कमिटी के प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया. बैठक में मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई.
रांची में आयोजित केंद्रीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी की मौजूदगी में मोहर्रम जुलूस के रूट, समय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि सभी अखाड़े और मोहर्रम कमिटियां निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही जुलूस निकालेगी.बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान माहौल खराब करने या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी.
वहीं, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है. उन्होंने सभी कमिटियों और आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
प्रशासन और मोहर्रम कमिटियों के बीच समन्वय के साथ इस बार भी मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है. जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.