रांची में नगर निगम का एक्शन : अवैध होर्डिंग्स हटाए गए,सार्वजनिक स्थल भी हुए अतिक्रमण मुक्त
रांची: शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. हरमू चौक के पास अतिक्रमण हटाया गया.अभियान के दौरान निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए पांच होर्डिंग्स को हटाया,ताकि आम लोगों का आवागमन बाधा रहित और सुरक्षित बना रहे. इसके साथ ही सड़क, सरकारी भूमि और फुटपाथ पर किए गए अवैध अस्थाई निर्माण,दुकानें और ढाबों को भी हटाकर सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
अभियान के दौरान संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई. निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. निगम ने हिदायत देते हुए कहा कि अगर फिर से अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रांची नगर निगम ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें और सड़क, फुटपाथ, सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करे, ताकि शहर में सुगम यातायात, सुरक्षित यातायात और स्वच्छ शहरी वातावरण सुनिश्चित किया जा सके.