रांची में मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान : CBSE,ICSE और JAC के हजारों विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
रांची: झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के लिए 6 जुलाई को रांची में प्रतिभा का महाकुंभ सजने जा रहा है. पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन यानी पासवा की ओर से आयोजित होने वाले छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में सीबीएसई, आईसीएसई और जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हजारों विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा.
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यह सिर्फ सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों का उत्सव है. उन्होंने कहा कि झारखंड के निजी विद्यालयों के छात्रों ने इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और राज्य के तीन विद्यार्थियों ने नेशनल टॉपर बनकर झारखंड का नाम रोशन किया है. उन्होंने कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नॉन-स्कूलिंग को बढ़ावा देने वाले संस्थानों की जांच कराने और भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की है.
वहीं, पासवा के उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक सम्मान उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है. इस 6 जुलाई को होने वाले इस भव्य समारोह में राज्यभर से हजारों विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे.