Hindi News / पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई अवशेष निकली पशु की हड्डी,उम्मीद में परिवार

रांची में लापता बच्ची मामला : पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई अवशेष निकली पशु की हड्डी,उम्मीद में परिवार

Edited By:  |
ranchi mein lapata bachi mamla

रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 माह की मासूम बच्ची अदिति को लेकर चल रही जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. घर के पास नाले में मिली हड्डी को बच्ची का शव समझकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, वह चिकित्सकीय जांच में पशु की हड्डी निकली. इस खुलासे के बाद पुलिस की जांच एक बार फिर नए सिरे से शुरू हो गई है. इधर, बच्ची की मां का रो-रो कर बुरा हाल है.

जंगल में मिले अवशेष से मचा था हड़कंप

जानकारी के अनुसार, खोरहा टोली निवासी 18 माह की अदिति बीते दिनों घर से लापता हो गई थी. बच्ची की तलाश के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम को जंगल इलाके में कुछ हड्डियां और संदिग्ध अवशेष मिले थे. अवशेष मिलने के बाद आशंका जताई गई कि यह बच्ची का शव हो सकता है. जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अवशेष को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.

मेडिकल जांच में सामने आई सच्चाई

पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि बरामद हड्डी इंसान की नहीं बल्कि किसी पशु की थी. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली, लेकिन बच्ची की तलाश अब भी जारी है.पुलिस का कहना है कि अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और हर पहलू से जांच की जा रही है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले में पुलिस आस-पास के इलाकों के CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है. फुटेज में बच्ची को घर के अंदर जाते हुए देखा गया था, लेकिन बाहर निकलते हुए वह दिखाई नहीं दी. इसी वजह से पुलिस अब घर और आस-पास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच कर रही है.

नाले और जंगलों में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन

पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार जंगल, नाले और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है. आशंका जताई जा रही है कि बच्ची कहीं गिर गई हो या किसी ने उसे अपने साथ ले लिया हो.स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और पुलिस ने आम लोगों से बच्ची के बारे में कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत जानकारी देने की अपील की है.

मां को आया था वीडियो कॉल

परिजनों के मुताबिक, बच्ची की मां को एक वीडियो कॉल भी आया था, जिसमें एक बच्ची दिखाई गई थी. शुरुआत में परिवार को लगा कि वह अदिति है, लेकिन ध्यान से देखने पर स्पष्ट हुआ कि वीडियो में दिख रही बच्ची कोई और थी. एक बार फिर परिजनों की उम्मीद खाली चली गई.