Hindi News / राज्यपाल और सीएम ने किया उद्घाटन,छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री का बड़ा संदेश,दोषियों को...

रांची में आदिवासी महोत्सव का आगाज : राज्यपाल और सीएम ने किया उद्घाटन,छात्र आंदोलन पर मुख्यमंत्री का बड़ा संदेश,दोषियों को मिलेगी कठोर सजा

Edited By:  |
ranchi mein aadiwasi mahotsav ka bhavya aagaz

रांची:विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव का भव्य आगाज हुआ. राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महोत्सव का शुभारंभ किया. महोत्सव के उद्घाटन समारोह में आदिवासी कला-संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली. राज्यपाल और सीएम ने प्रदर्शनी शिविर, वृत्तचित्र फिल्म महोत्सव, इमेजिंग जोन और चित्रकला शिविर का भी उद्घाटन किया. कार्यक्रम में सूबे के मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत तमाम गणमान्य मौजूद रहे. आयोजन का उद्देश्य झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों की आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं, कला और जीवनशैली को एक साझा मंच प्रदान करना है.

छात्रों को मिलेगा न्याय,युवाओं केभविष्य को लेकर सरकार गंभीर

वहीं,आदिवासी महोत्सव के दौरान मंच से सीएम हेमंत सोरेन ने आंदोलन कर रहे युवाओं को बड़ा संदेश दिया. सीएम ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है. मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलेगा और मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे,उन्हें कठोर से कठोर सजा दी जाएगी. हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में छात्र-छात्राएं अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं. सरकार उनकी बातों को खुले तौर पर सुन रही है और पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है.उन्होंने छात्रों से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है और उनके अधिकारों के सवाल पर संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है. सीएम ने कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है.

राज्य सरकार सवा तीन करोड़ जनता के प्रति संवेदनशील

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के साथ राज्य में कई गतिविधियां भी चल रही हैं. इसी बीच छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है. सीएम ने आंदोलनरत छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार सवा तीन करोड़ जनता के प्रति संवेदनशील है. सरकार की चिंता केवल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि पढ़े-लिखे, अनपढ़ या कम पढ़े-लिखे लोगों, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत समाज के सभी वर्गों के हितों को लेकर है.

छात्रों से विश्वास बनाए रखने की अपील

सीएम ने छात्रों से विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है. मुख्यमंत्री ने अपने भावनात्मक अंदाज में कहा कि वह इसी मिट्टी में जन्मे हैं और इसी मिट्टी में दफन भी होंगे. उनके इस बयान को राज्य और यहां के युवाओं के साथ उनके जुड़ाव के संदेश के तौर पर देखा गया.

विपक्षी दलों पर सीएम का गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र आंदोलन को लेकर विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए छात्रों को भ्रमित करने का प्रयास कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि देशभर में युवाओं पर राजनीतिक दलों की नजर है. नौजवानों को झूठ-सच बताकर दिग्भ्रमित करने और उन्हें सरकार के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से कहा कि उन्हें किसी के संरक्षण की आवश्यकता नहीं है. वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकते हैं.

मोरहाबादी मैदान मेंविभिन्न जनजातीय समुदायों की कलाप्रदर्शित

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को आयोजित इस महोत्सव में झारखंड की समृद्ध जनजातीय विरासत, संस्कृति, परंपराओं और विविधता को प्रदर्शित किया जा रहा है. महोत्सव में राज्य की विभिन्न जनजातीय समुदायों की कला, संगीत, नृत्य, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है.