सिमडेगा : भूंडूपानी में हाथी का कहर,2 ग्रामीणों की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
सिमडेगा: जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र के भूंडूपानी में जंगली हाथी के हमले में दो ग्रामीणों की मौत से क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है. दो दिन पहले भूंडूपानी निवासी नूएल बरला की मौत हुई थी,जबकि लापता खरवागढ़ा, कोनमेरला निवासी अकालू भोक्ता का शव रविवार सुबह जंगल से बरामद किया गया. उनके पिता का नाम देवचन्द भोक्ता बताया गया है.ग्रामीणों ने जब अकालू की तलाश शुरू की तो काफी खोजबीन के बाद उसी क्षेत्र के आस-पास उनका शव मिला,जहां नूएल बरला की मौत हुई थी.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को लाडो चौक पर सड़क जाम कर दिया. विधायक प्रतिनिधि अर्जुन होरो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपायुक्त को मौके पर बुलाने,वन विभाग की भूमिका की जांच,दोषी पाए जाने पर कार्रवाई और मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हाथी की मौजूदगी की सूचना पहले से वन विभाग को दी गई थी,लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. बाद में प्रखंड प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने और उचित पहल के आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया. ग्रामीणों ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.





