Hindi News / सिपाही के शादी से इनकार पर 250 किमी दूर पहुंची प्रेमिका,पुलिस की मौजूदगी...

औरंगाबाद : सिपाही के शादी से इनकार पर 250 किमी दूर पहुंची प्रेमिका,पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में हुई शादी

Edited By:  |
aurangabad aurangabad

बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा में प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला सामने आया। समस्तीपुर की एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए करीब 250 किलोमीटर दूर अंबा पहुंच गई। प्रेमी बिहार पुलिस में सिपाही है और उसकी ड्यूटी उत्पाद विभाग के एरका चेक पोस्ट पर लगी थी।

युवती का आरोप था कि सिपाही ने करीब चार साल तक प्रेम संबंध में रहने और शादी का वादा करने के बाद अब विवाह से इनकार कर दिया। युवती को यह भी जानकारी मिली थी कि प्रेमी की शादी कहीं और तय हो रही है। इसके बाद वह अपने घरवालों को बताए बिना सीधे अंबा पहुंच गई।

एरका चेक पोस्ट पर दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। हंगामा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम दोनों को थाने ले गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई थी।

युवती के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले युवक का बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हुआ। नौकरी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। बाद में युवती के परिवार ने उसकी शादी के लिए रिश्ता देखना शुरू किया, जिसके बाद उसने प्रेमी से शादी करने की बात कही।

मामला थाने पहुंचने के बाद दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग थे और दोनों की सहमति से विवाह कराने पर सहमति बनी। इसके बाद अंबा के सतबहिनी मंदिर में परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी कराई गई। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि विवाह दोनों की सहमति और परिजनों की मौजूदगी में कराया गया।