रांची मेयर एक्शन में : वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता सहित अधिकारियों के साथ की बैठक,सरना स्थल का भी किया निरीक्षण
रांची: नगर निगम में नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो के कक्ष में वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता सहित अधिकारियों के साथ बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से डिप्टी मेयर नीरज कुमार भी मौजूद रहे. सरहुल पर्व में सभी आयोजन स्थलों पर पानी की उपलब्धता व समस्याओं के समाधान पर बातचीत हुई.
सभी वार्डो मेंपानी की व्यवस्था करने का निर्देश
मेयर ने निर्देश दिया गया कि गर्मी को देखते हुए सभी वार्डो में जरूरतों के अनुसार प्रत्येक स्थान पर कैसे पानी की व्यवस्था जनता को उपलब्ध हो सके ये सुनिश्चित हो. हम लोगों की तैयारी रहनी चाहिए, ताकि जनता को पानी के लिए परेशान ना होना पड़े. साथ ही रोशनी खलखो ने शहर में टूटे पाइपलाइन को अविलंब दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया और सभी टैंकरों की साफ-सफाई कर के उनमें GPS सिस्टम की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया,ताकि क्षेत्र के आम जनमानस को पानी सप्लाई की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े. बैठक में वाटर बोर्ड अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित सभी अधिकारी पदाधिकारी मौजूद रहे.
सरना स्थल पर व्यवस्था दुरूस्त करने पर जोर
वहीं, रोशनी खलखो ने निगम के अधिकारियों के साथ सरना स्थल का भी निरीक्षण किया. वहां के अव्यवस्थाओं जैसे नालियों की सफाई, सरना स्थल के वृक्ष की अवांछित डालियों की छटनी, कैंपस की साफ-सफाई सहित पानी और जरूरत की चीजें उपलब्ध करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
इस मौके पर मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, उप नगर आयुक्त गौतम साहू, सिटी मैनेजर अंबुज कुमार, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर सहित कर्मचारी-पदाधिकारी एवं सरना समिति के सदस्य मौजूद रहे.