Hindi News / सीएम हेमन्त ने खेलगांव परिसर में किया पौधरोपण, लोगों से कहा- आप सभी...

रांची में 77 वां वन महोत्सव का आयोजन : सीएम हेमन्त ने खेलगांव परिसर में किया पौधरोपण, लोगों से कहा- आप सभी एक-एक फलदार वृक्ष लगाएं

Edited By:  |
ranchi mai 77wan wan mahotsav ka aayojan

रांची : वन,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से शुक्रवार को खेलगांव स्थित टाना भगत इनडोर स्टेडियम में77वां वन महोत्सव का आयोजन किया गया.इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पौधरोपण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वन समितियों को सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में शामिल लगभग दो हजार लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी एक एक फलदार वृक्ष लगाएं. मैं कहीं भी रहूं, पांच साल बाद आपके पेड़ को देखूंगा. उन्होंने यह भी कहा कि अब ऐसा कोई पेड़ नहीं लगाया जाएगा, जो इंसान, जानवर या पशु पक्षी के काम न आए. आज इंसानियत बहुत उतावलेपन में है. नुकसान की बू आ रही है. हमलोग बहुत कच्चे हैं विकास में. इसलिए खुद से यह जिम्मेदारी लेना होगा.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यह घोषणा किया कि एक पेड़ लगाएं और पांच यूनिट बिजली फ्री पाएं. सौ पेड़ लगाएं और एक हजार यूनिट बिजली फ्री पाएं. उन्होंने कहा कि पर्यावरण को लेकर चर्चाएं हो रही है. मौसम बदल रहा है तो जलवायु परिवर्तन पर चर्चा हो रही है. बहुत बारिश हो या कम बारिश, बारिश नहीं हो तो, फसल नहीं हो तो और अत्यधिक गर्मी हो तो चर्चाएं होती है. इसी चर्चा को जलवायु परिवर्तन कहते हैं. हमारे जीवन को प्रभावित करने वाले वातावरण में परिवर्तन को ही जलवायु परिवर्तन कहते हैं. आज सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में मानव जीवन के इर्द गिर्द कई बदलाव हो रहे हैं. उस बदलाव के अलग अलग नाम हैं. मुख्य रूप से हम इसे विकास का नाम देते हैं. बड़े बड़े पुल, पुलिया, डैम, बड़े शहर, कई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हो रहा है. ये सभी चीजें जमीन पर हो रही है. बड़े बड़े उद्योग लग रहे हैं. कोयला समेत कई खनिज संपदा भी जमीन से ही निकलेगा. अब वैज्ञानिक हवा से भी क्या क्या निकाल सकते हैं, उसे बता चुके हैं. हवाई जहाज उड़ रहे हैं. हर हाथ में मोबाइल है. जंगलों को उजड़कर उसकी भरपाई के लिए ऐसे पेड़ लगाए गए हैं जो इंसानों के लिए तो दूर, जानवरों के लिए भी उपयोगी नहीं है. पर्यावरण के लिए ये राक्षस रूपी हैं. मानव जीवन पर इसका बुरा प्रभाव पड़ता है. उस पेड़ के सुगंध से लोग बीमार पड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई ऐसा पेड़ नहीं लगेगा जो इंसान, जानवर या पशु पक्षी के काम न आए.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विभागीय सचिव अबू बक्र सिद्दीकी और प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने खेलगांव परिसर में पौधरोपण भी किया. विभागीय सचिव अबू बक्र सिद्दीकी ने कहा कि विभाग की ओर से इस बार पूरे राज्य में साढ़े तीन करोड़ पौधरोपण करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसा पौधा लगाएं जो पर्यावरण के अनुकूल हो. वहीं, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के प्रति आम लोगों को जागरूक किया जाएगा. विकास के साथ साथ पर्यावरण संतुलन भी बनाएं.

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट-