रांची के जैप-1 में पासिंग आउट परेड : सीएम हेमंत सोरेन हुए शामिल,कहा-25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी होना सशक्त झारखंड की बदलती तस्वीर का प्रतीक
रांची:डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में बुधवार को 4 डीएसपी और 336 पुलिसकर्मियों का पासिंग आउट परेड आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन शिरकत हुए. भारी बारिश के बीच भी मुख्यमंत्री ने जवानों की हौसला अफजाई करते हुए परेड का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और परेड का निरीक्षण किया.कार्यक्रम में डीजीपी तदाशा मिश्र, एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार,आईजी पंकज कंबोज, आईजी मयूर पटेल कन्हैयालाल, डीआईजी मनोज रतन चौथे,एसएसपी राकेश रंजन समेत कई अधिकारी शामिल हुए.
'झारखंड सरकार महिला-पुरुष की बराबर भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध'
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी 340 जवानों में शामिल रहना सराहनीय है. सीएम ने कहा कि यह सशक्त झारखंड की बदलती और मजबूत तस्वीर का प्रतीक है. आज यहां जवानों ने राज्य के प्रहरी के रूप में शपथ लिया. झारखंड सरकार राज्य के हर क्षेत्र में महिला-पुरुष की समान और बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.सभी नवप्रशिक्षित जवानों एवं अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.
वहीं, सीएम ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि राज्य की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले जवानों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन की सुविधाएं उपलब्ध हो.