रांची बीजेपी कार्यालय में बैठक : प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संगठन मजबूती पर मंथन
रांची: बीजेपी प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को पार्टी के नवनियुक्त मीडिया प्रभारियों, प्रवक्ताओं एवं सोशल मीडिया प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन मजबूती पर चर्चा की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी ने सभी पदाधिकारियों को दायित्व देकर संगठन हित में कार्य करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है. उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी पार्टी के विश्वास पर खड़ा उतरे और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें.
उन्होंने कहा कि बीजेपी में पद प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का विषय है. संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण पर नजर रखता है. बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जहां एक बूथ अध्यक्ष भी अपनी कार्यक्षमता और समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का दायित्व प्राप्त कर सकता है. इसलिए सभी कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं.
अदित्य साहू ने कहा कि मीडिया, प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया विभाग पार्टी की विचारधारा और नीतियों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं.उन्होंने सभी प्रभारियों एवं प्रवक्ताओं से मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने का आग्रह किया साथ ही मीडिया विभाग में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मीडिया, प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया प्रभारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित समाचारों से निरंतर अवगत रहें और अद्यतन जानकारी रखे. उन्होंने वर्ष 2029 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य आधारित एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया.बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा,अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए.
बैठक में प्रमुख रूप से प्रवक्ता अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज़, अशोक बड़ाईक, मृत्युंजय शर्मा, प्रकाश सिंह, शोभा यादव, मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, सतीश सिन्हा, तारिक इमरान, नीरज सिंह, सूरज नाथ शाहदेव, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, सोशल मीडिया सह-प्रभारी रजनीश पांडेय, राहुल शाहदेव एवं प्रिया करमाली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.