ACB की बड़ी कार्रवाई : सिल्ली अंचल का अमीन घूस लेते गिरफ्तार,जमीन नापी की रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप
रांची:भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन गणेश महतो को 8 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. वर्ष-2026 में यह एसीबी की पांचवीं ट्रैप कार्रवाई है.
लोवादाग निवासी वासुदेव महतो (65) ने एसीबी में लिखित शिकायत की थी. परिवादी वासुदेव महतोने एसीबी से यह शिकायत 16 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन देकर किया था.जमीन की नापी रिपोर्ट और नक्शा देने के एवज में अमीन द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी. जिसके बाद अंचल कार्यालय के अमीन ने 10 फरवरी 2026 को भूमि की नापी के बाद रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी.
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया. जिसके के बाद एसीबी थाना कांड संख्या-08/26, 18 फरवरी 2026 को धारा 7(a) भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम, 2018 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
19 फरवरी को यानी आज रांची एसीबी की टीम ने अमीन को 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया. वहीं, आगे की कार्रवाई जारी है.