बड़ी सफलता : गयाजी में पुलिस ने लूटकांड में शामिल 5 आरोपी युवकों को दबोचा
गयाजी : बड़ी खबर बिहार के गयाजी से है जहां पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में लूट की घटना का उद्भेदन करते हुए कांड में संलिप्त 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं लूटी गई टोटो और मोबाइल जब्त किया गया है.
यह मामला मुफस्सिल थाना कांड संख्या 98/26,दिनांक 29.01.2026 से संबंधित है. वादी द्वारा दिए गए बयान में बताया गया था कि वे अपने टोटो से एक व्यक्ति को सीताकुण्ड के पास छोड़कर लौट रहे थे.तभी रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर मारपीट की और नकद राशि,मोबाइल फोन व टोटो लूटकर फरार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि टीम द्वारा तकनीकी एवं आसूचना संकलन के आधार पर पहले रंजीत कुमार को लूटी गई मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उसकी निशानदेही पर युवराज कुमार,बब्लू कुमार,सिंधु कुमार एवं राकेश कुमार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया. लूटी गई टोटो को वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तरवा से बरामद किया गया.
वहीं गया पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला रही है और कांड में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट—





