राज्यसभा चुनाव को लेकर घमासान : JLKM विधायक जयराम महतो बन सकते हैं किंगमेकर,कांग्रेस को समर्थन की उम्मीद
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनावी गणित और संभावित क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं के बीच अब सभी की नजरें विधायक जयराम महतो पर टिक गई हैं. राजनीतिक गलियारों में उन्हें इस चुनाव का "किंगमेकर" माना जा रहा है, क्योंकि उनका एक वोट चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है.
जयराम महतो पर टिकी सबकी निगाहें
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दावा किया है कि जयराम महतो अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर मतदान करेंगे और उनका रुख इंडिया गठबंधन के पक्ष में दिखाई दे रहा है. राजेश ठाकुर का कहना है कि जयराम महतो पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि वे उसी पक्ष का समर्थन करेंगे जो युवाओं, छात्रों और राज्य के भविष्य के लिए बेहतर सोच रखता हो.
'अंतरात्मा की आवाज सुनेंगे जयराम महतो'
राजेश ठाकुर नेकहा कि जयराम महतो के हालिया बयानों और राजनीतिक रुख को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि वे एनडीए के बजाय इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के समर्थन में मतदान कर सकते हैं. कांग्रेस नेताओं का मानना है कि राज्य के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जयराम महतो लगातार मुखर रहे हैं और इसी कारण वे ऐसे उम्मीदवार के साथ खड़े होंगे जो झारखंड के हितों को प्राथमिकता दे.
राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी उठा पटक जारी
राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी उठा पटक के बीच जयराम महतो की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है. हालांकि उन्होंने अभी तक सार्वजनिक रूप से अपने मतदान को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक दल लगातार उनके समर्थन के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे में मतदान के दिन उनकी रणनीति और फैसला राज्यसभा चुनाव के परिणाम पर महत्वपूर्ण असर डाल सकता है।